
पेड न्यूज़ और सोशल मीडिया प्रचार पर कड़ी नजर
मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष जोर
सामान्य व व्यय प्रेक्षकों ने की नगर निकाय चुनाव तैयारियों की समीक्षा, समयबद्ध और निष्पक्ष चुनाव के निर्देश
धनबाद, 7 फरवरी 2026-:नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद नगर निगम के सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो, व्यय प्रेक्षक नवनीत निश्चल तथा चिरकुंडा नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक सुरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं विभिन्न कोषांगों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रेक्षकों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।
सामान्य प्रेक्षक ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
व्यय प्रेक्षक ने फ्लाइंग स्क्वायड, स्टैटिक सर्विलांस, वीडियो सर्विलांस एवं वीडियो व्यूइंग टीम को सतर्क रहते हुए प्रत्याशियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने एमसीएमसी कोषांग को पेड न्यूज और सोशल मीडिया प्रचार पर कड़ी निगरानी रखने तथा इसकी जानकारी व्यय कोषांग को देने को कहा। साथ ही सभी प्रत्याशियों को निर्धारित तिथियों पर खर्च का विवरण अनिवार्य रूप से जमा करने का निर्देश दिया गया।
चिरकुंडा नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक ने चुनाव कर्मियों का समुचित प्रशिक्षण, डिस्पैच सेंटर से बूथ और बूथ से स्ट्रांग रूम तक रूट चार्ट तैयार करने तथा पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। चेक पोस्ट पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया कि जिन शस्त्रधारियों ने अब तक शस्त्र का सत्यापन और जमा नहीं किया है, वे 15 फरवरी से पहले यह प्रक्रिया पूरी करें, अन्यथा लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रशिक्षण से अनुपस्थित चुनाव कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई और सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी और फोर्स डिप्लॉयमेंट प्लान तैयार है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और वारंट निष्पादन में तेजी लाई गई है।
बैठक में कार्मिक, मतपत्र, सामग्री, परिवहन, विधि-व्यवस्था, मीडिया, प्रशिक्षण सहित सभी कोषांगों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला व पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी और विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।