
फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने वाला आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। ( विकास त्यागी)
थाना पिलखुवा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी विभाग में रजिस्ट्रेशन कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना पिलखुवा पर दर्ज मु०अ०सं० 698/2025, 699/2025 व 701/2025 में धारा 420, 467, 468 व 471 भादवि के तहत वांछित/नामजद अभियुक्त शादाब मलिक पुत्र नवाब अली निवासी मौहल्ला रमपुरा, थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ को टूटे रेलवे फाटक वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 03 पैन कार्ड, 03 आधार कार्ड, एक बैंक पासबुक तथा ‘किंग इंटरप्राईजिज’ नामक फर्जी फर्म के टैक्स इन्वॉइस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फर्म बनाकर जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने की कोशिश कर रहा था।
इस कार्रवाई को थाना पिलखुवा के निरीक्षक सुधीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम—उपनिरीक्षक झम्मन सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश गौतम, उपनिरीक्षक सुशील कुमार, हेड कांस्टेबल योगेश कुमार, कांस्टेबल अरविन्द कुमार व कांस्टेबल दीपक कुमार—ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।