logo

कलेक्टर ने जिले में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की

कलेक्टर ने जिले में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की

स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को दिए सुधारात्मक दिशा-निर्देश

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड द्वारा आज जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने अंबाह विकासखंड के अंतर्गत ग्राम खड़ियाहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्राम स्तरीय बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जहां व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने तथा
आवश्यकतानुसार जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

खड़ियाहर पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण

खड़ियाहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में ओपीडी, एनसीडी सेवाएं, डिलेवरी रूम, एएनसी वार्ड एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया, जिसमें कलेक्टर ने ओपीडी में सभी मरीजों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं शुगर, बीपी, वजन जांच सुनिश्चित करने तथा डाटा का समय पर संधारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने डिलेवरी रूम एवं एएनसी वार्ड में साफ-सफाई, बिस्तर व्यवस्था, मच्छर जाली एवं आवश्यक संसाधनों को शीघ्र दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑटोक्लेव एवं एक्स-रे मशीन जैसी आवश्यक सेवाओं को सुचारू रखें तथा अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखें।

अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के संबंध में स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।

रात्रिकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने हेतु स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। उन्होंने अस्पताल के समीप स्थित माता मंदिर परिसर की साफ-सफाई हेतु ग्राम पंचायत को निर्देशित किया।

ग्राम खड़ियाहर व लेपा में बुनियादी व्यवस्थाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने जनता से संवाद किया एवं ग्राम खड़ियाहर में मुख्य मार्ग की नालियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा नल-जल योजना को सुचारू करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने फौती नामांतरण से जुड़े प्रकरण के शीघ्र निराकरण के लिए तहसीलदार को निर्देशित किया।

कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय लेपा में छात्र उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने
आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-19 लेपा के जर्जर भवन के स्थान पर नवीन भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया।

विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तथा लाइन खराब होने पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि त्वरित लाइन चेक करवाकर विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से चालू की जाए।

भिडोसा, कुमरपुरा एवं पार्थ का पूरा में निरीक्षण

शासकीय माध्यमिक विद्यालय भिडोसा में छात्रों की संख्या बढ़ाने, शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे नियमानुसार संचालित करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय भिडोसा में अनुपस्थिति से जुड़े मामले में जिला शिक्षा अधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। विद्यालय भवन की मरम्मत हेतु ईई आरईएस को निर्देशित किया।

उमेश सिंह के दरवाजे से भारत सिंह के दरवाजे तक नाली निर्माण, पार्थ का पूरा में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु नाली निर्माण तथा खराब सड़क की मरम्मत के लिए पीएमजीएसवाई को निर्देश कलेक्टर ने दिए। नीची विद्युत लाइनों को सुधारने, नल-जल योजना को अप्रैल तक सुचारू करने तथा जलनिकासी की समस्या के समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

अतिक्रमण एवं भूमि प्रबंधन पर विशेष ध्यान

सार्वजनिक मार्गों, गौचर भूमि, श्मशान, कब्रिस्तान एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा भूमि प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने के लिए संबंधित तहसीलदारों को निर्देश दिए। उन्होंने कब्रिस्तान पर अवैध रूप से कब्जा कर गतिविधि संचालित करने के मामले में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने को कहा।
अतिक्रमण मुक्त स्थानों पर सामुदायिक उपयोग हेतु खेल मैदान विकसित करने की बात भी उन्होंने कही।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आए बिंदुओं पर समयबद्ध सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय समन्वय एवं नियमित निगरानी आवश्यक है।
-
#JansamparkMP #Morena #morena2026 Jansampark Madhya Pradesh

41
1166 views