logo

कोतवाली थाना प्रभारी ने छात्रों को पढ़ाया कानून का पाठ.

मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सीधी जिले में एकीकृत जागरूकता अभियान के माध्यम से सुरक्षा, सशक्तिकरण और विधिक साक्षरता की अलख जगाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में सीधी पुलिस टीम सुरक्षित बचपन, सशक्त समाज के संकल्प के साथ शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर भावी पीढ़ी को जागरूक कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में विशेष सत्र का आयोजन किया गया। यहां छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और वर्तमान सामाजिक परिवेश में सजग रहने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। वहीं थाना प्रभारी कुसमी निरीक्षक अरुण द्विवेदी की टीम आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जूरी पहुंची। यहां बालक-बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा की बारीकियों

और बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया गया। कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति भी शपथ दिलाई गई, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी जागरूक करें। यह पूरा अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले भर में संचालित किया जा रहा है। आयोजन में स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं सम्मिलित हो रहे हैं।

0
24 views