logo

जीएसटी संग्रह में शाहजहांपुर की बड़ी छलांग बरेली मंडल में पहला, प्रदेश में छठा स्थान बढ़ी आर्थिक रफ्तार का साफ संकेत

शाहजहांपुर।
साल की शुरुआत शाहजहांपुर के लिए आर्थिक मजबूती का संदेश लेकर आई है। जनवरी माह में जीएसटी राजस्व संग्रह के मामले में जनपद ने ऐसा शानदार प्रदर्शन किया है, जिसने उसे बरेली मंडल में शीर्ष पर पहुंचा दिया है। जनपद ने माह में वृद्धि और माह तक वृद्धि—दोनों मानकों पर अव्वल रहते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल कर संग्रह में बढ़ोतरी का संकेत है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों में आई तेजी को भी दर्शाती है।

जनवरी माह में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
जनवरी माह के आंकड़े बताते हैं कि जिले में व्यापार और लेन-देन की रफ्तार तेज हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार जीएसटी संग्रह में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में बढ़ी सक्रियता और कर अनुपालन में सुधार का सीधा असर राजस्व पर पड़ा है। जनवरी माह का जीएसटी संग्रह (लाख रुपये में जनवरी 2025-26 : 3420.13 जनवरी 2024-25 : 2474.20
माह में वृद्धि : 38.23 प्रतिशत

माह तक संग्रह में भी मजबूत स्थिति
केवल जनवरी ही नहीं, बल्कि पूरे वित्तीय वर्ष के अब तक के आंकड़े भी शाहजहांपुर की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाते हैं। अप्रैल से जनवरी तक के संग्रह में निरंतर बढ़त दर्ज की गई है, जो मंडल के अन्य जनपदों की तुलना में बेहतर रही। अप्रैल–जनवरी (माह तक) जीएसटी स्थिति 2025-26 : 29389.98 लाख 2024-25 : 25211.08 लाख वृद्धि : 16.58 प्रतिशत

इन कारोबारों से बढ़ा राजस्व
जनवरी माह में फोर व्हीलर ऑटोमोबाइल, केमिकल, खाद्य तेल, कोयला, आयरन एवं स्टील, इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट, इलेक्ट्रॉनिक गुड्स और कॉस्मेटिक्स जैसे क्षेत्रों से अच्छा कर संग्रह हुआ। इन सेक्टरों में मांग बढ़ने से जीएसटी राजस्व को मजबूती मिली। कुछ क्षेत्रों में रही सुस्ती हालांकि सभी क्षेत्रों से समान योगदान नहीं मिला। टू-व्हीलर, सीमेंट, फर्टिलाइजर, एफएमसीजी, रेडीमेड गारमेंट्स और ठेकेदारों से प्राप्त कर में पिछले वर्ष जनवरी की तुलना में गिरावट दर्ज की गई।

मंडल में अव्वल, प्रदेश में छठा स्थान
बरेली मंडल के सभी जनपदों को पीछे छोड़ते हुए शाहजहांपुर का पहला स्थान पर रहना इस बात का प्रमाण है कि यहां का व्यापारिक माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। प्रदेश स्तर पर छठा स्थान मिलना जनपद की बढ़ती आर्थिक भूमिका को दर्शाता है। अधिकारियों ने बताया शुभ संकेत राज्य कर विभाग के उपायुक्त व नोडल अधिकारी प्रवेश तोमर ने जीएसटी वृद्धि को जनपद के कारोबार के लिए शुभ संकेत बताया। उन्होंने कहा कि कारोबारियों ने समय से जीएसटी अदा कर आर्थिक रफ्तार को मजबूती दी है और यह साबित किया है कि शाहजहांपुर प्रगति की राह पर अग्रसर है।

व्यापारियों और आमजन के लिए क्या संकेत?
बढ़ता जीएसटी संग्रह व्यापारियों के लिए सकारात्मक संकेत है, जबकि आमजन के लिए इसका अर्थ बेहतर सड़क, बिजली, नगर विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के रूप में सामने आ सकता है।

0
0 views