logo

मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल से कूदकर मरीज ने दी जान सीतापुर निवासी टीबी ग्रसित युवक एक माह से था भर्ती, जांच में जुटी पुलिस



शाहजहांपुर।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तीसरी मंजिल से कूदकर एक मरीज ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सीतापुर जनपद निवासी 25 वर्षीय अनुज सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि अनुज सिंह पिछले करीब एक वर्ष से टीबी की गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। पहले उनका इलाज सीतापुर में लगभग छह महीने चला, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। यहां डीआरटीबी सेंटर में बेड नंबर तीन पर पिछले एक माह से उनका उपचार चल रहा था। परिजनों के अनुसार, बीमारी अंतिम चरण में थी।

मंगलवार रात लगभग साढ़े 11 बजे उन्हें दवा चढ़ाई जा रही थी। इसके बाद उनकी मां राधा खाना और दवा लेकर वार्ड में पहुंचीं, लेकिन अनुज ने दवा नहीं खाई। इसके बाद माता-पिता वार्ड के बाहर जमीन पर सो गए। इसी दौरान अनुज बेड से उठकर वार्ड से बाहर निकल आए। आरोप है कि उस समय मौजूद स्टाफ ने उनसे कोई पूछताछ नहीं की।

कुछ ही देर बाद अनुज ने तीसरी मंजिल की रेलिंग से नीचे छलांग लगा दी। ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर माता-पिता भी नीचे पहुंचे, जहां उनका बेटा मृत अवस्था में पड़ा मिला।

सूचना मिलने के बावजूद मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही चौक कोतवाली इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

1
695 views