logo

दुष्कर्म के मुकदमे से बचने को की शादी, दहेज के लिए विवाहिता को किया प्रताड़ित

शाहजहांपुर।
दुष्कर्म के मुकदमे से बचने के लिए शादी करने और बाद में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कटरा थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता के अनुसार वर्ष 2022 में आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर तिलहर क्षेत्र में स्थित एक दुकान के अंदर उसके साथ दुष्कर्म किया था। जब पीड़िता ने विवाह की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा। शिकायत करने पर आरोपी दुष्कर्म के मुकदमे से बचने के लिए शादी को तैयार हुआ।
पीड़िता का आरोप है कि 18 जुलाई 2023 को शादी तय हुई। शादी से पांच दिन पहले पति और ससुराल वालों ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की, जिसे पूरा करने के बाद विवाह संपन्न हुआ। विवाह के बाद भी दहेज की मांग जारी रही। ससुराल पक्ष ने चार पहिया वाहन और दुकान बनवाने के लिए तीन लाख रुपये नकद की मांग की।
आरोप है कि दहेज न देने पर पीड़िता को जहर देकर मारने की कोशिश की गई और कई बार घर से निकाल दिया गया। एक पंचायत के बाद सास ने कुछ जेवर लौटाए, लेकिन अक्टूबर 2025 में मायके आने के दौरान पति व ससुराल वालों ने ताला तोड़कर करीब आठ लाख रुपये के जेवर निकाल लिए। विरोध करने पर पीड़िता को कमरे में बंद कर मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म व दहेज उत्पीड़न अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

1
57 views