
संयम पथ पर आगे बढ़ीं दो बहने, जैन समाज ने की गोद भराई
सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में रविवार रात को चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में दो दीक्षार्थी बहनों की गोद भराई हुई। आर्यिका दीक्षा लेने वाली दीक्षार्थियों की श्रावक-श्राविकाओं ने संगीतमय आयोजन के बीच हर्षोल्लास से गोद भराई की रस्म की। दोनों दीक्षार्थी बहनों की सोनागिरी तीर्थ पर 6 मई को दीक्षा होगी। सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष मुकेश जैन व महिला मंडल अध्यक्ष अलका जैन ने बताया कि उत्तर प्रदेश लखनऊ निवासी विधि व सुनीता दीदी आर्यिका विविक्तश्री माताजी के साथ चल रही है।
आर्यिका संघ का झालावाड़ में विहार हुआ। इस दौरान दोनों दीक्षार्थी बहनों की गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीक्षार्थी बहन विधि के प्रवचन के बाद दोनों की गोद भराई की रस्म की गई। इस दौरान भजनों से माहौल धर्ममय हो गया। महिलाओं ने भजनों पर नृत्य किया। इस आयोजन के लिए मंदिर की आकर्षक सजावट की गई। लखनऊ निवासी विधि आईएएस की तैयारी कर रही थी। उसी समय लखनऊ में आचार्य विशुद्ध सागर महाराज का आना हुआ।
कुछ दिन गुरु के सानिध्य में रहते हुए वैराग्य हुआ और उसके बाद घर छोड़ दिया। पिछले पांच सालों में एक बार घर जाना हुआ। इसके बाद परिवार ही मिलने आता था। परिवार में माता-पिता और एक भाई है। जबकि सुनीता दीदी गृहस्थ जीवन में है। उनकी बेटी पहले ही संयम पथ पर आगे बढ़ चुकी थी। लेकिन अब गृहस्थ मां ने भी संयम मार्ग चुना और क्षुल्लिका दीक्षा लेंगी। विधि व सुनीता की 6 मई को मध्यप्रदेश के सोनागिरि तीर्थ में दीक्षा होगी। दोनों बहनों को पट्टाचार्य आचार्य विशुद्ध सागर द्वारा दीक्षा दी जाएगी। विधि आर्यिका और सुनीता क्षुल्लिका दीक्षा लेंगी।
Aima media jhalawar