logo

मीडिया कप क्रिकेट का आगाज़, हुडको ने डिमना को 8 विकेट से हराया


जमशेदपुर : कीनन स्टेडियम में सोमवार से मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज़ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में हुडको एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डिमना एकादश को आठ विकेट से पराजित किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डिमना एकादश ने निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। टीम की ओर से अमजद ने 21 गेंदों पर 32 रन की तेज पारी खेली, जबकि शेखर ने 29 गेंदों पर 22 रन जोड़े। हुडको की ओर से जीतेंद्र और रणधीर ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हुडको एकादश ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 13.2 ओवर में ही दो विकेट खोकर 113 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। राघवेंद्र ने 38 गेंदों पर 42 रन की शानदार पारी खेली, वहीं जीतेंद्र ने 22 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। डिमना की ओर से राज प्रसाद और सुरेंद्र को एक-एक विकेट मिला। शानदार प्रदर्शन के लिए राघवेंद्र को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें टाटा स्टील के वीपी-सीएस डी.बी. सुंदर रामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं विधायक सरयू राय, शेखर डे और टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उद्घाटन भाषण में डी.बी. सुंदर रामम ने मीडिया कप के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल भावना से ही खेल और समाज दोनों आगे बढ़ते हैं। विधायक सरयू राय ने पत्रकारों की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी मेलजोल के साथ खेल भावना को भी बढ़ावा देते हैं। शेखर डे ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ भाईचारे को भी मजबूत करती हैं। वहीं अतुल भटनागर ने भी इस आयोजन को सराहनीय बताया।

समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव विनय पूर्ति और कोषाध्यक्ष अजय महतो ने अतिथियों को पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर टाटा स्टील खेल विभाग के प्रमुख मनीष सिन्हा, कृपाल सिंह, संजय कुमार मिश्रा, सतीश सिंह, दैनिक भास्कर के संपादक कुमार भवानंद, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा, चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय, आनंद कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन न्यू इस्पात मेल के संपादक बृजभूषण सिंह ने किया। अतिथियों ने मैदान के बीच पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच की औपचारिक शुरुआत की घोषणा की।

1
46 views