logo

मुरैना जिले के आकांक्षी विकासखंड पहाडगढ में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ

मुरैना जिले के आकांक्षी विकासखंड पहाड़गढ़ में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ

नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा क्रियान्वित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित मुरैना जिले के आकांक्षी विकासखंड पहाड़गढ़ में 31 जनवरी 2026 को नीति आयोग एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार संपूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर द्वारा किया गया।
शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की समस्त थीम पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रत्येक थीम के अंतर्गत सम्मिलित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
एसडीएम द्वारा कार्ययोजना की प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री शुभम शर्मा ने आकांक्षी विकासखंड पहाड़गढ़ की वर्तमान स्थिति, संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत चयनित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों तथा उन्हें शत-प्रतिशत संतृप्ति तक पहुँचाने हेतु तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना की प्रभावी प्रस्तुति दी। उन्होंने सभी विभागों के मध्य आपसी समन्वय, फील्ड स्तर पर सक्रिय सहभागिता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
संपूर्णता अभियान 2.0 का उद्देश्य
नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 (अवधि 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026) का मुख्य उद्देश्य आगामी तीन माह में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं कृषि से संबंधित 6 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों को 100 प्रतिशत संतृप्ति तक पहुँचाना है। यह अभियान विभागीय समन्वय, जनभागीदारी, फ्रंटलाइन वर्कर्स की सक्रिय भूमिका तथा सतत एवं प्रभावी निगरानी पर आधारित है। संपूर्णता अभियान 2.0 आकांक्षी विकासखंडों को समग्र विकास की दिशा में नई गति प्रदान करेगा तथा विकासखंड पहाड़गढ़, जिला मुरैना को विकास के नए आयामों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंगूरी लाखन सिंह धाकड़, अनुविभागीय अधिकारी जौरा श्री शुभम शर्मा, संपूर्णता अभियान 2.0 के जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री उमेश अवस्थी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पहाड़गढ़ श्री महावीर एन. बौद्ध, खंड चिकित्सा अधिकारी श्रीमती डॉ. अनुभा महेश्वरी, सीडीपीओ श्रीमती रश्मि धाकड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला एवं ब्लॉक स्तर के विभागीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena

48
1253 views