logo

मुंबई लोकल में मामूली विवाद ने ली प्रोफेसर की जान, मालाड स्टेशन पर चाकू से हमला

मुंबई संवादाता

मुंबई लोकल ट्रेन में सफर के दौरान हुए एक छोटे से विवाद ने एक युवक की जान ले ली। शनिवार शाम मालाड रेलवे स्टेशन पर 33 वर्षीय प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह पर एक अज्ञात सहयात्री ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से शहर की लोकल ट्रेन सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आलोक कुमार सिंह लोकल ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में किसी बात को लेकर उनका एक सहयात्री से मामूली विवाद हुआ। ट्रेन मालाड स्टेशन पर पहुंचने के बाद विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर आलोक कुमार सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल आलोक कुमार सिंह को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार हमलावर की तलाश तेज कर दी गई है।
इस घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है। रोजाना लाखों लोग मुंबई लोकल से यात्रा करते हैं, ऐसे में चलती ट्रेन और स्टेशन परिसर में बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर यात्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। रेलवे प्रशासन ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने का आश्वासन दिया है।

24
1518 views