
लातेहार में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से 5 किलो का सिलेंडर बम बरामद
झारखंड के लातेहार जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। हेरहंज थाना क्षेत्र के सेरेनदाग जंगल में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब 5 किलो वजनी शक्तिशाली सिलेंडर बम बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने इस बम को सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा था। समय रहते बम का पता चल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
खुफिया सूचना के आधार पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 35वीं वाहिनी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सेरेनदाग जंगल में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान जवानों की नजर जमीन में छिपी एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। जांच करने पर वह सिलेंडर बम निकला। इसके बाद पूरे इलाके को सुरक्षित कर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।
SSB 35वीं वाहिनी एफ के उप कमांडेंट नीरज कुमार सिंह ने बताया कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बम बेहद खतरनाक था और उसे विशेष सावधानी के साथ डिफ्यूज किया गया। इस अभियान में प्रभारी विजय पाल, अन्य सुरक्षा जवानों के साथ हेरहंज थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया भी मौजूद थे।
बम की बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि लातेहार जिले में लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के कारण बीते कई महीनों से नक्सली गतिविधियां काफी कमजोर पड़ी थीं। लंबे समय बाद इस तरह की घटना सामने आने से पुलिस और सुरक्षा बल अलर्ट हो गए हैं।
आशंका जताई जा रही है कि नक्सली एक बार फिर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और सुरक्षा बलों में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सलियों की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।