logo

*भागलपुर में रोड शो, कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए संजय सरावगी*

मो. अजरूद्दीन - पश्चिम चंपारण,बिहार_
_दिनांक:- 12-01-2026_

बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सोमवार को अपने प्रवास कार्यक्रम के तहत बेगूसराय से नवगछिया और भागलपुर पहुंचे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं संगठनों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। भागलपुर पहुंचने पर वे एक भव्य रोड शो में भी शामिल हुए, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भी सहभागिता रही।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपने प्रवास की शुरुआत नवगछिया के बिहपुर से की, जहां वे एनडीए कार्यालय में आयोजित अभिनन्दन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीयता और उत्साह के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा-भाव ही संगठन की वास्तविक शक्ति है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने तथा एनडीए सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठन और कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मंजिल भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाना है और इसके लिए हर कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह विधायक कुमार शैलेन्द्र, भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नवगछिया के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दो दिवसीय भागलपुर प्रवास के क्रम में भागलपुर पहुंचे, जहां जिलाध्यक्ष संतोष कुमार की अध्यक्षता में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। रेशमी नगरी भागलपुर में स्वागत के दौरान फूल बरसाए गए। इस अवसर पर पासी समाज, ब्रह्मऋषि युवजन सभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी उनका अभिनन्दन किया गया।

इसके पश्चात टाउन हॉल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा आदेश देने वाला संगठन नहीं, बल्कि संस्कार देने वाला परिवार है। यही हमारी पहचान और सबसे बड़ी ताकत है।

विभिन्न संगठनों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा मिले सम्मान से भावुक होते हुए उन्होंने आभार व्यक्त किया और कहा कि वे ताउम्र कार्यकर्ताओं के प्रेम और समर्पण के ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता ही भाजपा और एनडीए की असली ताकत हैं, जिसका उदाहरण पिछले चुनावों में देखने को मिला है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार में सुशासन को जनता का समर्थन मिलता रहा है, जिसके कारण राज्य विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण से लेकर आधारभूत संरचना के विकास तक बिहार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

अपने भागलपुर प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी कई अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। 13 जनवरी की सुबह वे बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में अभिषेक पूजन करेंगे, इसके बाद गौशाला में गो पूजन एवं तुलादान करेंगे। साथ ही वे महर्षि मेही आश्रम जाकर दर्शन–पूजन भी करेंगे।

0
12 views