logo

CJI सूर्यकांत का बड़ा ऐलान: जिला बनने के बाद अब हांसी में जल्द स्थापित होगी 'सेशन डिवीजन', नारनौंद को मिली कोर्ट की सौगात।

हरियाणा के जिला हांसी के उपमंडल नारनौंद में 21 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक न्यायिक परिसर। सीजेआई ने वकीलों को दी नसीहत- तकनीकी ज्ञान से खुद को रखें अपडेट। 10 जनवरी 2026 को भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने घोषणा की कि हांसी में शीघ्र ही सेशन डिवीजन की स्थापना की जाएगी। हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनाए जाने के बाद यह कदम क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगा और आमजन तक त्वरित एवं सुलभ न्याय पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत नारनौंद स्थित उपमंडलीय न्यायिक परिसर में उपमंडल न्यायालय के विधिवत शुभारंभ एवं प्रस्तावित उपमंडलीय न्यायिक परिसर के शिलान्यास के उपरांत न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा गणमान्य नागरिकों को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नारनौंद में उपमंडलीय न्यायालय की स्थापना क्षेत्र के लिए हर्ष का विषय है। न्यायपालिका का उद्देश्य न्याय को हर व्यक्ति, विशेषकर गरीब और वंचित वर्ग के द्वार तक पहुंचाना है। संविधान सभी नागरिकों को समान रूप से न्याय पाने का अधिकार देता है और इसी भावना के अनुरूप न्यायिक व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे न्याय के प्रति जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय के सजग प्रहरी होते हैं, इसलिए बार के नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए बदलते तकनीकी युग में स्वयं को आधुनिक ज्ञान और डिजिटल संसाधनों से अपडेट रखना आवश्यक है। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर भी जोर दिया।

गौरतलब है कि नारनौंद में बनने वाले उपमंडलीय न्यायिक परिसर के निर्माण पर 21 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। यह परिसर लगभग 7255.30 वर्ग मीटर अथवा 1.79 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। न्यायिक परिसर में भू-तल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल पर विभिन्न आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भू-तल पर न्यायालय कक्ष, साक्षी कक्ष व अन्य सहायक कक्ष, प्रथम तल पर फैमिली कोर्ट, मध्यस्थता कक्ष आदि तथा द्वितीय तल पर ममटी एवं मशीन रूम का निर्माण प्रस्तावित है।

इस अवसर पर नारनौंद बार एसोसिएशन की ओर से मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू तथा हरियाणा के जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके बाद सीजेआई अपने पैतृक गांव पेटवाङ गये जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। व एक बङा समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी, हिसार डिवीजन की प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति अलका सरीन, हिसार की जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, सफीदों विधायक रामकुमार गौतम, स्थानीय विधायक जस्सी पेटवाड़, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल चंद्रशेखर, हांसी के उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन, एसडीएम विकास यादव, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गगनदीप मित्तल, सीजेएम अशोक कुमार सहित हांसी व नारनौंद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता और संबंधित न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

0
66 views