logo

बोकारो में 2 दिवसीय “शब्द सरिता महोत्सव” का विधिवत समापन। साहित्य, संस्कृति और कला का अनूठा संगम बना महोत्सव-

बोकारो के शिबू सोरेन स्मृति भवन में आयोजित दो दिवसीय “शब्द सरिता महोत्सव” का आज विधिवत समापन हो गया। बोकारो जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह साहित्यिक-सांस्कृतिक महोत्सव वर्षों बाद इतने बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने शहर की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की।
दो दिनों तक चले इस महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम, पुस्तक मेला, कवि सम्मेलन और साहित्यिक संगोष्ठियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम में बोकारो सहित आसपास के क्षेत्रों के कलाकारों, साहित्यकारों और आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
महोत्सव का विधिवत उद्घाटन 7 जनवरी 2026 को बोकारो जिला आयुक्त अजय नाथ झा एवं बोकारो की विधायक श्वेता सिंह द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में वक्ताओं ने साहित्य और संस्कृति को समाज की आत्मा बताते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया।
दम तोड़ती बोकारो इस्पात नगरी में यह महोत्सव मानो शहर में नई जान फूँकने का काम करता नजर आया। बोकारो के हर क्षेत्र से जुड़े कलाकारों को अपनी कलात्मक, सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतिभा के प्रदर्शन का भरपूर अवसर मिला। पुस्तक मेले में पाठकों की खासी भीड़ देखी गई, वहीं संगोष्ठियों में साहित्यिक विमर्श का स्तर सराहनीय रहा।
महोत्सव के अंतिम दिन 8 जनवरी 2026 को भव्य कवि सम्मेलन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस कवि सम्मेलन में स्थानीय कवियों के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
कवि सम्मेलन का संचालन “भारतीय साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार 2016” से सम्मानित साहित्यकार नीलोत्पल मृणाल ने किया। उनकी प्रभावशाली संचालन शैली ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर जन संस्कृति मंच एवं ट्रू गांधीयन समूह से जुड़े वरिष्ठ साहित्यकार आर. पी. वर्मा ने मगही भाषा में स्वयं रचित कविता प्रस्तुत की, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। पूरे महोत्सव में साहित्य और संस्कृति का एक अनूठा संगम देखने को मिला।
कुल मिलाकर, “शब्द सरिता महोत्सव” बोकारो के सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित हुआ, जिसने साहित्य प्रेमियों और कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान किया।
— बोकारो से ट्रू गांधीयन के संचालक नरेंद्र की रिपोर्ट

6
1643 views