logo

पत्नी से विवाद के बाद युवक की जान गई, पुलिस मामले की जांच में जुटी

मल्लांवाला (सोनू अटवाल)मल्लांवाला क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने युवक की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सुखचैन सिंह (29) पुत्र मसा सिंह निवासी गांव आलेवाल, थाना मल्लांवाला, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। सुखचैन सिंह खेतीबाड़ी का कार्य करता था। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले रणजीत कौर पुत्री दयाल सिंह निवासी गांव भैल, तहसील खडूर साहिब से हुई थी। दंपती की एक दो वर्षीय बेटी भी है।
मृतक के पिता मसा सिंह (उम्र लगभग 65 वर्ष) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू द्वारा सुखचैन सिंह को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगा था। पिता के अनुसार 16/17 दिसंबर की रात को पत्नी विवाद के बाद बिना किसी को बताए मायके चली गई।
परिजनों ने बताया कि 21 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे सुखचैन सिंह अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए मोटरसाइकिल पर उसके मायके गांव भैल गया। आरोप है कि वहां पत्नी और उसके परिजनों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे अपमानित किया। इसके बाद सुखचैन सिंह ने फोन पर अपने परिजनों को बताया कि उसके साथ बहुत ज्यादा प्रताड़ना की गई है और वह यह अपमान सहन नहीं कर पा रहा।
कुछ समय बाद गांव भैल के सरपंच द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि सुखचैन सिंह ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसे गुरु कृपा अस्पताल फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर उसे पहले गुरु नानक क्लीनिक फत्तोवाल और बाद में 22 दिसंबर को अमनजीत मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल आरएफके, फिरोजपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत पत्नी रणजीत कौर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

42
1314 views