
महुआखेड़ागंज दौरे पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कार्यकर्ताओं से किया संवाद
काशीपुर। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक यशपाल आर्य तथा नैनीताल के पूर्व विधायक के पुत्र संजीव आर्य सोमवार को महुआखेड़ागंज के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
दौरे के दौरान यशपाल आर्य ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, विकास कार्यों की स्थिति, जनहित से जुड़े मुद्दों और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी क्षेत्र के विकास व जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आम जनता से सीधा संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
इस मौके पर संजीव आर्य ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना प्राथमिकता है। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।