
स्याही कांड के विरोध में नगर परिषद कर्मचारियों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, भारत दवे सहित अन्य की गिरफ्तारी की मांग
स्याही कांड के विरोध में नगर परिषद कर्मचारियों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, भारत दवे सहित अन्य की गिरफ्तारी की मांग
राजसमन्द
कल हुए स्याही कांड के बाद राजसमंद में माहौल लगातार गरमाया हुआ है। शनिवार को नगर परिषद के कर्मचारी बड़ी संख्या में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए भाजपा आईटी सेल संयोजक भारत दवे सहित अन्य लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
नगर परिषद कर्मचारियों ने ज्ञापन में मांग की कि आयुक्त एवं सभापति पर हुए हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाए। कर्मचारियों ने इस घटना को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक इस मामले में दोषियों को सख्त सजा नहीं दी जाती, तब तक वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने भाजपा नेता के खिलाफ नारेबाजी की और सुरक्षा की मांग भी उठाई। कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही, हालांकि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हालात नियंत्रण में रहे।