logo

गया एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ान रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी वियतनाम के 35 यात्री फंसे रहे,

इंडिगो के कर्मियों पर लापरवाही और गलत सूचना देने का आरोप

गया एयरपोर्ट पर गुरुवार को इंडिगो की गया–दिल्ली फ्लाइट संख्या 6ई 2416 अचानक रद्द कर दी गयी। जिससे वियतनाम के 35 यात्रियों सहित कुल दर्जनों यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी। सभी यात्री सुबह 9 बजे से एयरपोर्ट पर मौजूद थे और उन्हें दोपहर 12:15 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। दिल्ली से मुंबई जाने के लिए यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट 6ई 6773 निर्धारित थी। जिसके लिए सभी के पास वैध टिकट और बोर्डिंग पास भी जारी कर दिया गया था। हालांकि बोर्डिंग पास मिलने के बाद फ्लाइट रद्द होने की सूचना ने यात्रियों को झटका दे दिया। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को केवल इतना बताया गया कि गया–दिल्ली फ्लाइट विलंब है और आगे चलकर रद्द कर दी गयी है। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर इंडिगो के काउंटर पर मौजूद कर्मियों ने यात्रियों को सलाह दी कि वे अपनी-अपनी टिकटें रद्द करा लें। जिसमें पूरा पैसा वापस मिल जाएगा। लेकिन किसी वैकल्पिक व्यवस्था या नई फ्लाइट के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी। वियतनाम के हो थी नूंग हांग, हांग थी ताई, न्यूगेन ताई में समेत अन्य यात्रियों ने बताया कि हमलोग पूरा दिन एयरपोर्ट पर इंतजार करते रह गए। यात्रियों के अनुसार एयरलाइंस के अधिकारी बार-बार तरह-तरह आश्वासन देते रहे। लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गया एयरपोर्ट पर इंडिगो के स्टेशन मैनेजर विश्वरंजन राणा ने मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।

एयरलाइन कर्मियों का रवैया रहा असंवेदनशील

वियतनामी यात्रियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि एयरलाइन कर्मियों का रवैया असंवेदनशील रहा। सुबह से भूखे-प्यासे हमलोग एयरपोर्ट पर हैं। किसी ने सही जानकारी नहीं दी। यहां तक कि यह भी नहीं बताया गया कि आगे हम क्या करें। स्थिति तब और गंभीर हो गयी जब इंडिगो की ओर से यह बताया गया कि आगे की कोई स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है। फंसे यात्रियों ने एयरपोर्ट पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द समाधान की मांग की। यात्रियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के साथ इस तरह का व्यवहार गया एयरपोर्ट और बिहार पर्यटन की छवि पर भी सवाल खड़ा करता है। यात्रियों की मांग थी कि एयरलाइंस ठहरने, भोजन और वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करे।

4
1796 views