
सीतापुर: शादी समारोह में विवाद के बाद बढ़ा तनाव, उरांव समाज और अन्य संगठनों ने किया नगर बंद*
उदय साहू सीतापुर सरगुजा
Mo.N. 9340469048
सीतापुर (छत्तीसगढ़)।
उरांव पारा में दो दिन पूर्व एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने गंभीर रूप से तूल पकड़ लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला मारपीट तक पहुंचा और फिर दोनों पक्षों में तनाव इस कदर बढ़ा कि मामला थाने तक पहुंच गया। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने केवल उनकी ही शिकायत पर अपराध दर्ज किया, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में देर रात लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जो करीब चार घंटे तक चला।
शादी समारोह में दो गुटों के बीच मारपीट
जानकारी के अनुसार पैंकरा परिवार में आयोजित शादी समारोह के दौरान कुछ युवक डांस कर रहे थे। इसी बीच टेंट में काम करने वाले दो युवक भी डांस में शामिल हुए, जहां कथित तौर पर धक्का-मुक्की होने से विवाद शुरू हुआ।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि टेंट कर्मियों के कुछ अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ गया।
दूसरा पक्ष आरोप लगाता है कि टेंट कर्मियों को ढूंढते समय कुछ लोग बस्ती में घुसे और महिलाओं व युवतियों सहित जो भी मिला, उससे मारपीट की गई। आरोप यह भी लगाया गया कि हमलावरों की संख्या करीब 50 थी और उनके पास हथियार भी थे।
एक पक्ष पर ही रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप
घटना के बाद दोनों ही पक्ष थाने पहुंचे। उरांव समाज और अन्य स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ एक पक्ष पर अपराध दर्ज किया और दूसरी शिकायत पर संज्ञान नहीं लिया। इसी को लेकर देर रात लोगों ने थाने के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
रातभर चला विरोध, आज नगर बंद का आह्वान
रात में किए गए विरोध के बाद आज सुबह उरांव समाज, हिंदू संगठन एवं व्यापारी संगठनों ने नगर बंद का आह्वान किया।
सुबह से ही लोग शहर में घूमकर व्यापारियों से दुकानों को बंद करने की अपील करते रहे, और दुकानदारों ने भी घटना की निंदा करते हुए स्वेच्छा से दुकानें बंद रखीं।
दिनभर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रैली भी निकाली गई।
तीन घंटे तक सड़क जाम, पुलिस के खिलाफ नारेबाज़ी
कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने थाना परिसर के सामने तीन घंटे तक सड़क जाम किया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी की गई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की।
कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान विशेष समुदाय के कुछ युवकों द्वारा आपत्तिजनक नारों के लगाए जाने की भी जांच की जानी चाहिए। इस दावे की पुष्टि पुलिस द्वारा अभी तक नहीं की गई है।
स्थानीय विधायक ने लिया घटना का संज्ञान
स्थानीय विधायक श्री रामकुमार टोप्पो भी विरोध स्थल पहुंचे। उन्होंने लोगों से घटना की पूरी जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
15 आरोपियों की गिरफ्तारी, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि दो मुख्य आरोपियों सहित कुल 13 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस ने निष्पक्ष जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
समुदाय की चिंता: निर्दोषों की गिरफ्तारी न हो
स्थानीय लोगों की मुख्य मांग है कि कठोर कार्रवाई तो हो, लेकिन किसी निर्दोष व्यक्ति को गिरफ्तार न किया जाए।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित होगी।