logo

मीनाक्षी भराला ने कहा – मिशन शक्ति फेस-5 में महिलाओं को सम्मानित करना गर्व का अवसर

भारतीय उद्योग संघ (IIA) द्वारा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित मिशन शक्ति फेस-5 (2025) कार्यक्रम में आज महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देखने को मिला। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में प्रमुख अतिथियों और विश्वविद्यालय प्रशासन की उपस्थिति में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों– शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, उद्योग, सामाजिक सेवा और उद्यमिता से जुड़ी महिलाओं को ‘अपने-अपने क्षेत्र की मास्टर’ के रूप में सम्मानित किए जाने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य एवं भाजपा नेत्री मीनाक्षी भराला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति न केवल एक सरकारी पहल है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सुरक्षा को नए आयाम देने वाला व्यापक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का नहीं, बल्कि पूरे समाज के प्रगति पथ का प्रतीक है, क्योंकि महिला सशक्तिकरण के बिना राष्ट्र सशक्त नहीं हो सकता।

मीनाक्षी भराला ने आगे कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवतियों और महिलाओं को प्रेरित करते हैं कि वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और IIA टीम का धन्यवाद देते हुए कहा कि महिलाओं के योगदान को पहचानना और उन्हें समाज के सामने आदर्श के रूप में प्रस्तुत करना अत्यंत प्रशंसनीय पहल है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

लेख: ऋषभ पराशर, राष्ट्रीय अध्यक्ष, AIMA मीडिया युवा प्रकोष्ठ

0
466 views