logo

मॉस्को में एशियाई संसदीय सभा की समिति की बैठक में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे सांसद राजकुमार चाहर

आगरा। फतेहपुर सीकरी के सांसद और भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित होने जा रही एशियाई संसदीय सभा (Asian Parliamentary Assembly - APA) की सामाजिक एवं सांस्कृतिक मामलों पर स्थायी समिति की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 28 से 31 अक्टूबर 2025 तक मॉस्को में आयोजित किया जाएगा, जिसमें एशिया के 44 देशों के संसदीय प्रतिनिधि भाग लेंगे। सांसद राजकुमार चाहर की अगुवाई में पाँच सदस्यीय भारतीय दल (जिसमें तीन सांसद और दो अधिकारी शामिल हैं) इस प्रतिष्ठित मंच पर भारतीय लोकतंत्र की गौरवशाली संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करेगा। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य एशियाई देशों के बीच संसदीय सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा सामाजिक विकास के क्षेत्र में साझेदारी को सुदृढ़ करना है। सांसद चाहर इस बैठक में भारत का पक्ष रखेंगे और एशियाई देशों के बीच सांस्कृतिक एकता एवं आपसी समझ को और अधिक प्रगाढ़ बनाने की दिशा में योगदान देंगे। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

11
15 views