logo

विश्व के बाजार में चमकेगा धार के भेंसोला का टेक्सटाइल पार्क-प्रधानमंत्री मोदी ।



बदनावर - राजू गजभिये (सीताराम)

एक लाख से अधिक लोग हुए शामिल, उमड़ा जनसैलाब ।

मोदी बोले ऑपरेशन सिंदूर में हमारे जवानों ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।

पूर्व मंत्री दत्तीगांव समेत अन्य नेताओं ने हेलीपैड पर किया प्रधानमंत्री का स्वागत ।
बदनावर - देश के पहले प्रधानमंत्री मेगा मित्र टेक्सटाइल पार्क का भेंसोला में बुधवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में शिलान्यास किया गया। साथ ही राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा के लिए सिंगल क्लिक पर राशि ट्रांसफर की। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में मोदी मोदी के जयकारे खूब गूंजे।

प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर 11.36 मिनट पर हेलीपैड पर उतर गया था। जहां मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्रसिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव व भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती ने आगवानी कर स्वागत किया। इसके बाद वे हेलीपैड से खुली जीप में सवार होकर अभिवादन करते हुए मंच पर पहुंचे। मंच पर राज्यपाल मांगु भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सांवित्री ठाकुर, उपमुख्यमंत्री राजेद्र शुक्ल व जगदीश देवड़ा, केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, चेंतन्य कश्यप, निर्मला भूरिया, नागरसिंह चौहान व नरेद्र शिवाजी पटेल मंचासीन थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर करके आतंकी ठिकानो को उजाड़ दिया। वीर जवानो ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घटनो पर ला दिया। यह नया भारत है। हमारा देश किसी की परमाणु धमकी से डरता नही। नया भारत दुश्मन के घर मे घुसकर मारता है। मोदी ने कहा कि 17 सितंबर को एक ओर ऐतिहासक अवसर रहा है। आज ही के दिन देश ने सरदार पटेल की फौलादी इच्छा शक्ति का उदाहरण देखा था। भारतीय सेना ने हैदराबाद को अनेकों अत्याचारों से मुक्त कराकर, उनके अधिकारों की रक्षा करके भारत के गौरव को पुन: प्रस्थापित किया था।

उन्होंने कहा, "धार की धरती पराक्रम की धरती है। मां भारती की आन-बान-शान से बड़ा कुछ नहीं। हमारा हर पल देश के लिए समर्पित हो। देश की मर-मिटने की सौगंध लेकर हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने सबकुछ देश के लिए समर्पित कर दिया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से 2 अक्तुबर तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार महाअभियान शुरू हो रहा है। देशभर में अलग अलग चरणों मे आदि सेवा पर्व की गूंज पहले से ही सुनाई दे रही। आज से इसका मध्यप्रदेश संस्करण भी प्रारंभ हो रहा है। यह विभिन्न योजनो को जोड़ने का सेतु बनेगा।

पार्क से 3 लाख रोजगार मिलेगा,

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के सबसे बड़े टेक्सटाइल पार्क का भेंसोला में शिलान्यास हुआ है। इस पार्क से टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज को नई ऊर्जा मिलेगी व लाखो किसानों को फायदा होगा। इस पार्क से सबसे बड़ा लाभ हमारे युवक व युवतियाओ को बहुत बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार है। घर मे मां ठीक रहती तो पूरा घर ठीक रहता। अगर मां बीमार हो जाए तो सारी व्यवस्था चरमरा जाती है। यह अभियान माता बहनों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित है। महिलाएं जानकारी व संसाधनो के अभाव में गंभीर बीमारियों का शिकार न हो। बीमारी का पता नही चलने से बीमारी बहुत बड़ी बन जाती। ऐसी बीमारियों का सबसे बड़ा खतरा है। ऐसी बीमारियों को शुरुआती दौर में ही पकड़ना बहुत जरूरी है। इस अभियान में सभी बीमारियों की जांच की जाएगी। महिलाओ से कहा कि महिलाओ से आज कुछ मांगने आया हूँ । आप संकोच किए बिना स्वास्थ्य कैंप पर जाकर जांच जरूर कराए। सारी जांचे महिलाओ की फ्री होगी। साथ ही दवाइयां भी मुफ्त दी जाएगी। महिलाओ के उत्तम स्वास्थ्य से सरकारी खजाने की कीमत ज्यादा नही है। यह अभियान 2 अक्तुबर तक चलेगा। दो सप्ताह चलने वाले इस अभियान का सभी महिलाएं लाभ ले।

प्रधानमंत्री ने कहा की पिछले 11 सालों से हमारी गरीब कल्याण की पहली प्राथमिकता रही है। देश तभी आगे बढ़ेगा जब देश का गरीब गरीबी से बाहर निकलकर विकास के मामले में तेज गति से आगे बढ़ेगा। गरीब को थोड़ी मदद व सहारा मिलने से अपनी कड़ी मेहनत से समंदर को पार करने का जज्बा भी रखता। गरीब के चेहरे पर मुस्कान व माता बहनों की गरिमा को सुरक्षित करना। यही मेरी पूजा व प्रण है। इस पार्क से मार्किट तक पहुंच बनेगी। इसी पार्क से दुनिया के बाजार में धार चमकेगा। एक ही जगह पर सारे काम होंगे। फाइव एफ के माध्यम से सरकार काम कर रही। इस पार्क में 1300 एकड़ से अधिक जमीन आवंटित हो चुकी। रोजगार के तीन लाख अवसर बनेंगे। रुई से धागा व धागे से कपड़ा बनाने समेत सारा कार्य इसी पार्क में होंगे। सरकार पूरे देश मे ऐसे छह पार्क बनाएगी।

पीएम मोदी ने स्वदेशी चीजें खरीदने की अपील करते हुए कहा की स्वदेशी का मंत्र हमेशा हमे दोहराना है। आप जो भी खरीदें, वो देश में ही बना होना चाहिए। उसमें पसीना किसी देशवासी का होना चाहिए। आप जो भी बेचें, वह देश में ही बना होना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि हर दुकान पर बोर्ड हो- गर्व से कहो- ये स्वदेशी है। मोदी ने लोगों से नारा लगवाया कि- गर्व से कहो, ये स्वदेशी है। जो भी खरीदे वो देश मे ही बना होना चाहिए। जो भी खरीदे उसमें पसीना किसी न किसी हिंदुस्तानी का होना चाहिए। व्यापारियों से कहा कि देश के लिए उनकी मदद करे। 2047 तक देश को विकसीत भारत बनाना है। व्यापारी जो भी उत्पाद बेचे वो हमारे देश मे ही बना होना चाहिए। हमे आत्मनिर्भर भारत बनना है। मोदी ने कहा की 22 सितंबर से जीएसटी की कम दरे भी लागू हो जाएगी। हर दुकान पर बोर्ड होना चाहिए। जिसमें लिखा हो हम स्वदेशी है। पीएम मोदी कुल 46 मिनट बोले। उन्होंने दोपहर 12:32 पर संबोधन की शुरुआत की और 1:18 बजे अपना भाषण खत्म किया।

पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने हेलीपैड पर किया स्वागत,

सभा के पहले हेलीपैड पर पूर्व उद्योग मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत नीलेश भारती समेत कई नेताओ ने स्वागत किया। कार्यक्रम में धार समेत आसपास जिले रतलाम, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, इंदौर जिले के लोग शामिल हुए। 20 एकड़ क्षेत्र में वॉटरप्रूफ डोम चार हिस्से में बनाया गया था। पूरा परिसर लोगो से खचाखच भरा हुआ दिखा। ग्रामीण क्षेत्र के लोग सुबह सात बजे से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए थे। क्षेत्र में ऐसा पहली बार अवसर आया था। जब कोई प्रधानमंत्री क्षेत्र में आए।

बता दे कि भैंसोला में 2158 एकड़ क्षेत्र में यह पार्क विकसित किया गया है। जहां 91 बड़ी कपड़ा कंपनियो को फैक्ट्री व इकाई निर्माण के लिए 1300 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। इसमें 23 हजार करोड का कुल निवेश होगा।


1
190 views