लेपर्ड ने किया गाय के बछड़ों का शिकार
बंबोरा क्षेत्र में एक बाडे में घुसकर दो बछड़ों का मारा, पहले दो बार भी शिकार कर चुका लेपर्ड
उदयपुर के बंबोरा क्षेत्र में शनिवार बीती रात लेपर्ड ने गाय के दो बछड़ों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों बछड़ों की मौत हो गई। यह घटना बीती रात बंबोरा स्थित बालाकुई के पास नाथूसिंह के बाड़े की है। जहां उनकी गाय और बछड़े अलग—अलग बंधे हुए थे। तभी लेपर्ड ने बछड़ों का शिकार लिया। जिसमें लेपर्ड एक बछड़े के पीछे के हिस्से को खा गया। वहीं दूसरे बछड़े को भी मार दिया। परिवार जब अलसुबह उठा तो दोनों बछड़ों को खून से लहूलुहान देख सहम गया। उन्होंने स्थानीय सरपंच शंकरलाल मीणा, उपसरपंच रघुवीर सिंह चौहान को इसकी सूचना दी। जिसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचित किया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है। बता दें, इसी घर में करीब 2 माह पहले घर की छत पर लेपर्ड ने पालतू कुत्ते का शिकार किया था। 6 माह पहले भी लेपर्ड ने एक बछड़े का शिकार किया था।
इन गांवों में लेपर्ड का मूवमेंट
ग्रामीण श्यामसिंह और लोकेन्द्र सिंह ने बताया कि बंबोरा गांव के करणी फोर्ट के पास के खेतों में अक्सर लेपर्ड का मूवमेंट रहता है। उन्होंने बताया कि अकेला गांव, पातु खेड़ा, सोमाखेड़ा, फीला, भादला तालाब के आबादी क्षेत्र में लेपर्ड का मूवमेंट रहता है। आसपास पहाड़ी और जंगल होने से लेपर्ड कई बार आबादी क्षेत्र में आ जाते हैं और पालतू पशुओं पर हमला कर देते हैं।
दो माह पहले लेपर्ड ने 5 जनों को किया था घायल
बंबोरा से 5 किमी दूर बोरिया गांव में लेपर्ड ने घर में घुसकर एक महिला सहित 5 जनों पर हमला कर दिया था। जिसमें 3 जने बुरी तरह घायल हो गए थे। घायलों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया था। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेपर्ड को बड़ी मुश्किलों से ट्रेंक्यूलाइज किया गया। इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।