logo

आरएएफ देशवासियों के विश्वास पर हमेशा खरा उतरता रहा है: नित्यानंद राय

नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आज उत्तर प्रदेश के मेरठ में द्रुत कार्य बल आएएफ की 29वीं वर्षगांठ पर आयोजित परेड की सलामी ली। इस अवसर पर केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल के महानिदेशक समेत बल के वरिष्ठ अधिकारी, जवान और उनके परिजन भी उपस्थित थे। अपने संबोधन में नित्यानंद राय ने कहा किवर्ष 1992 के दौरान केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल में से आरएएफ के रूप में इस विशिष्ट बल का जन्म हुआ। तभी से यह बल राष्ट्र सेवा में सतत् एवं उत्कृष्ट योगदान देता आ रहा है।

केन्द्रीय गृह मंत्री राज्य मंत्री ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक एवं सुदूर पूर्व अरूणांचल प्रदेश से पश्चिम गुजरात तक जहां भी, जब भी उपद्रव का माहौल बना। आरएएफ ने अपने नाम को चरितार्थ करते हुए बड़ी कुशलता से राष्ट्र विरोधी ताकतों को त्वरित गति से नियंत्रित करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि आरएएफ अपनी कार्य पद्धति एवं शान्ति व्यवस्था कायम करने की अद्भुत क्षमता के कारण अन्य बलों में श्रेष्ठ माना जाता है। धैर्य के साथ साहस आएएफ की विशेषता है जिसके बल पर आपने सफलता का इतिहास रचा है। श्री राय ने कहा कि आज भी तनाव एवं उपद्रव के वातावरण में कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न राज्यों के पुलिस बल सबसे पहले आर.ए.एफ. की तरफ देखते हैं और हर बार आरएएफ जनता का विश्वास जीतने में सफल होती है।

केन्द्रीय गृह मंत्री राज्य मंत्री ने आरएएफ की 29वीं वर्षगांठ पर भव्य परेड के आयोजन के लिए केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बलके महानिदेशक और आरएएफ की पूरी टीम को शुभकामनायें देते हुए आशा जताई कि वे पूर्ण समर्पण की भावना से देश में कानून व्यवस्था को संभालने में अपना श्रेष्ठ योगदान देते रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।

3
14653 views