अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपाइयों ने फूंका सीएम का पुतला
फतेहपुर। लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे के वाहन से कुचल कर किसानों की मौत के बाद किसानों से मिलने जा रहे सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में फ़तेहपुर में सपाइयों ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान पूरा जिला विपक्षियों के आंदोलन की आंच में तपता रहा। लोहिया वाहिनी सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह पुलिस को चकमा देकर बिंदकी बस स्टाप पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते हुए लोहिया वाहनी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर भाजपा सरकार को किसान विरोधी करार दिया।
प्रदेश में अलर्ट घोषित किए जाने के बाद भी सुबह से शहर के प्रमुख जगहों पर पुलिस मुस्तैद रही । किसान संगठनों के शीर्ष नेताओं समेत सपा कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। बावजूद इसके सुबह दस बजे लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष आजम खां की अगुवई में दर्जनों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बिंदकी बस स्टाप पर पहुंच कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए सीएम के पुतले को आग के हवाले कर दिया। जब तक पुलिस को इसकी भनक लगते तब तक सपाई नारेबाजी करते हुए मौके से नौ दो ग्यारह हो गए। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुतला फूंकने वाले सपा नेताओं को चिंहित कर कार्रवाई की जाएगी।