logo

होमियोपैथ चिकित्सक डॉक्टर बीरबल झा के निधन से शोक

दुमका। दुमका के जाने-माने होमियोपैथ चिकित्सक डॉक्टर बीरबल झा का आज प्रातः 8 बजे सिउड़ी (पश्चिम बंगाल) स्थित एक नर्सिंग होम में आकस्मिक निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर दुधानी (घाट रसिकपुर) स्थित उनके आवास पर लाया गया है। दाह संस्कार बुधवार को साहिबगंज में गंगा तट पर होगा।

यह जानकारी डॉ. झा की ज्येष्ठ पुत्री अराधना कुमारी ने दी। अराधना कुमारी ने बताया कि सोमवार को डॉ. बीरबल झा की तबीयत अचानक खराब हो गयी। उन्हें दुमका में दिखाया गया और बेहतर इलाज के लिये रात को सिउड़ी ले जाया गया, जहाँ उनका निधन हो गया। डॉ. बीरबल झा का पैतृक गाँव दुमका जिला स्थित मसलिया प्रखंड अन्तर्गत भेलादाहा है। पिछले लगभग 35 वर्षों से वे दुमका के दुधानी में अपना क्लिनिक खोलकर चिकित्सा कार्य में संलग्न थे।

इसके पूर्व कुछ समय तक वे भागलपुर होमियोपैथी कॉलेज में व्याख्याता रहे। डॉ. झा मूलतः स्त्री रोग विशेषज्ञ थे। 72 वर्षीय डॉ. बीरबल झा अपने पीछे पत्नी, तीन विवाहित पुत्रियों, नाती-नतनियों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गये। उनके निधन से शहरवासी शोकाकुल हैं।

4
14668 views