logo

पलामू नक्सली संगठन जेजेएपी और टीएसपीसी में हुई मुठभेड़

पलामू - मेदिनीनगर: पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती कोकाडू और चोरहट के जंगल में बुधवार को कथित तौर पर दो उग्रवादी संगठनों के बीच मुठभेड़ हो गयी। इसमें एक उग्रवादी के मारे जाने की भी चर्चा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके को घेरकर सर्च अभियान चलाया। पहले दिन के सर्च अभियान में पुलिस को चार हथियार मिले हैं, लेकिन पुलिस को किसी उग्रवादी का शव घटनास्थल और आस पास के इलाके से नहीं मिला है। खून के धब्बे जरूर घटनास्थल पर देखे गए हैं। इससे पुलिस मुठभेड़ को आपसी भिड़ंत मानकर चल रही है। यह भी चर्चा है कि इस मुठभेड़ में नावाडीह के ग्रामीणों के साथ मारपीट करने वाले जेजेएमपी उग्रवादी रामसुंदर राम मारा गया है। रामसुंदर जेजेएमपी का एरिया कमांडर है। हालांकि शव मिलने या पुख्ता प्रमाण मिलने के बाद ही इसकी पुष्टि की जा सकती है। पलामू के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि बुधवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती कोकाडू और चोरहट के जंगल में फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस टीम ने पूरे दिन सर्च अभियान चलाया। एक जगह खून के स्पाॅट मिले। चार वेपन और वाॅकीटाकी बरामद किए गए हैं। दो उग्रवादी संगठनों के बीच मुठभेड़ भी स्पष्ट नहीं हो रहा है। हो सकता है जेजेएमपी उग्रवादी आपस में ही भिड़ गए हो। इसका पुख्ता प्रमाण ढूंढा जा रहा है। सभी बरामद हथियार रायफल हैं। किस तरह के हथियार हैं, इसकी जांच कर जानकारी दी जाएगी।

0
16992 views