logo

आउटसोर्सिंग कर्मियों की मांगों को लेकर सिविल सर्जन से मिले कर्मचारी

आउटसोर्सिंग कर्मियों की मांगों को लेकर सिविल सर्जन से मिले कर्मचारी,हटाए गए सिक्योरिटी गार्ड और लिस्ट में शामिल कर्मियों की जल्द ज्वाइनिंग की मांग

जींद। जिले भर के आउटसोर्सिंग कर्मचारी साेमवार को जिला मुख्यालय स्थित सिविल अस्पताल में एकत्रित हुए। यहां आउटसोर्सिंग के जिला संयोजक साेनू बूरा, तालमेल कमेटी के मुख्य सलाहकार राजबीर बेरवाल, बलबीर सिंह श्योराण, गौरव सहगल की अगुआई में सभी कर्मचारी सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह और डिप्टी सिविल सर्जन डा. पाले राम कटारिया से मिले।

कर्मचारियों ने मांग की कि जिन आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का लिस्ट में नाम नहीं आया है, उनकी सूची जारी की जाए, जो सिक्योरिटी गार्ड हटाए गए हैं, उन्हें दोबारा से मूल स्थान पर ही ज्वाइन करवाया जाए और जिन कर्मचारियों की सूची जारी हो चुकी है, उनकी ज्वाइनिंग में आ रही समस्याओं का समाधान किया जाए।

जिला प्रधान सोनू बूरा ने कहा कि आउटसाेर्सिंग कर्मियों की मांगों को लेकर पिछले दो महीने से सिविल अस्पताल में धरना दिया जा रहा है। आउटसोर्सिंग कंपनी एमजे सोलंकी द्वारा कर्मचारियों को जानबूझ प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें मूल जगह की बजाय दूसरे स्थान पर ड्यूटी के लिए मजबूर किया जा रहा है। कुछ कर्मचारियों के पदों को बदला जा रहा है।

सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह से मांग करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा किया जाए और उनकी समस्या का समाधान किया जाए। अगर जल्द ही मांगें पूरी नहीं हुई तो जिला स्तरीय बैठक कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी। कर्मचारी बड़ा आंदाेलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। 


इस मौके पर संजय मुआना, अनिल सफीदों, संदीप कंडेला, पवन खरकरामजी, विक्रम उचाना, सुखदेव, सुमित मोर, अमित मोर, सुमित सैनी, चाप सिंह, रामपाल नगूरां, सतीश नेहरा, दलेल सिंह मौजूद रहे।

राजबीर बेरवाल व बलबीर श्योरण ने बताया कि मंगलवार को सिविल अस्पताल में तालमेल कमेटी द्वारा गेट मीटिंग की जाएगी और इसमें आगामी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।

9
14685 views