अरथुना के कोटड़ा गांव में करंट लगने से गर्भवती भैंस की मौत, ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
अरथुना | बांसवाड़ा
बांसवाड़ा जिले के अरथुना क्षेत्र के कोटड़ा गांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा सामने आया है। करंट लगने से एक 6 माह की गर्भवती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, लवजी पिता खेमजी यादव निवासी कोटड़ा अपनी भैंस को चराने के लिए घर से बाहर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित विद्युत विभाग की डीपी के पास बनी नाली के करीब पहुंचते ही भैंस करंट की चपेट में आ गई। करंट लगते ही भैंस की मौके पर ही मौत हो गई और वह नाली में गिर गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने लाइनमैन को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई तथा ट्रैक्टर की सहायता से भैंस को नाली से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा डीपी से न्यूटल वायर को खुला नाली में छोड़ दिया गया था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव कोटड़ा से करीब 2 किलोमीटर दूरी पर पावर हाउस होने के बावजूद गांव में पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल रहा है। इससे भविष्य में भी बड़े हादसों की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।