logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अहमदाबाद में नकली सामान का बड़ा भंडाफोड़: क्राइम ब्रांच ने पकड़ी फर्जी सिगरेट, घी, चाय और मसालों की खेप

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने शहर में नकली सामान बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लाखों रुपये का डुप्लीकेट माल जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान नकली सिगरेट के साथ-साथ रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली कई मशहूर ब्रांड की फर्जी वस्तुएं बरामद हुई हैं।
क्राइम ब्रांच के ACP भरत पटेल ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि बाजार में कैंसर चेतावनी के बिना डुप्लीकेट सिगरेट बेची जा रही हैं। सूचना के आधार पर गोल्डफ्लेक और मालबोरो कंपनी के डीलरों को बुलाकर सिगरेट की जांच कराई गई। इसके बाद पुलिस ने डिकॉय ऑपरेशन चलाकर चांदलोडिया इलाके से अरुणकुमार गुप्ता और सचिन गुप्ता नाम के दो भाइयों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से करीब 3.25 लाख रुपये की नकली सिगरेट बरामद की। पूछताछ में सुजीत पोदार नाम सामने आने पर क्राइम ब्रांच ने रेलवे ओवरब्रिज इलाके में स्थित उसके दो गोदामों पर छापा मारा।
रेड के दौरान पुलिस को नकली सिगरेट के अलावा वाघ बकरी चाय, अमूल और सागर घी, सर्फ एक्सेल, हार्पिक और एवेरेस्ट मसालों सहित रोजमर्रा की कई ब्रांडेड वस्तुओं का फर्जी माल मिला। जब्त किए गए नकली सामान की कुल कीमत लगभग 12.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि सुजीत पिछले डेढ़ साल से शब्बीर, पवन सिंधी और जगदीश पटेल नामक लोगों से ज्यादा मुनाफे के लालच में यह नकली माल मंगाता था। वहीं, गिरफ्तार किए गए दोनों भाई ग्राहकों की मांग के अनुसार बाजार में इसकी सप्लाई करते थे।
फिलहाल क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और इस नकली कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

2
100 views

Comment