कोडेजुंगा चौक बना हादसों का केंद्र, प्रशासन बेखबर
कांकेर बायपास स्थित कोडेजुंगा चौक में लगातार बढ़ते ट्रैफिक और अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस व्यस्त चौक पर न तो कोई ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया है और न ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।
बायपास मार्ग होने के कारण यहां दिनभर बड़े-बड़े मालवाहक ट्रकों की लंबी कतार रेल के डिब्बों की तरह गुजरती रहती है। भारी वाहनों के दबाव के बीच स्थानीय लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को और गंभीर बना रहे हैं सड़क पर बनाए गए बेढंगे और ऊंचे ब्रेकर। कई लोग इन ब्रेकरों की वजह से गिरकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन-प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, इसके बावजूद समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
राहगीरों और क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि चौक पर जल्द ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएं, ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की जाए तथा खतरनाक ब्रेकरों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।