logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

झारखंड राज्य योगासन चैंपियनशिप में दिखा प्रतिभागियों का दम, सरयू राय बोले- योग भारत की पहचान

जमशेदपुर: कदमा गणेश पूजा मैदान के समीप स्थित आंध्रा एसोसिएशन स्कूल सभागार में रविवार को तीसरी झारखंड राज्य योगासन खेल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राज्यभर से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें पांच वर्ष के बच्चों से लेकर 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ प्रतिभागी भी शामिल रहे।

वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासन स्पोर्ट्स (WFFYS) झारखंड चैप्टर और सरकार योगा अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 12 आयु वर्ग बनाए गए थे। प्रतियोगिता में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष “स्टार कैटेगरी” और महिलाओं के लिए “मॉम्स कैटेगरी” आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, समाजसेवी आलोक मल्होत्रा और आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सत्यानारायण ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली की आधारशिला है। उन्होंने सरकार योगा अकादमी की सराहना करते हुए कहा कि योग आज वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।

समाजसेवी आलोक मल्होत्रा ने कहा कि आज के दौर में बच्चों और युवाओं को मोबाइल की लत और तनावपूर्ण जीवनशैली से दूर रखने के लिए योग बेहद जरूरी है। वहीं मनोज सत्यानारायण ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए नई पीढ़ी को इससे जोड़ने पर जोर दिया।

ब्रह्माकुमारी की संजू बहन ने कहा कि नियमित योग अभ्यास से जीवन में सकारात्मकता और मानसिक शांति आती है। कार्यक्रम में सीबीएमडी प्रतिनिधि मनोज सिंह और समाजसेवी मुन्ना सिंह ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

डब्ल्यूएफएफवाईएस झारखंड चैप्टर की अध्यक्ष और सरकार योगा अकादमी की संस्थापक अंशु सरकार ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता आगामी राष्ट्रीय योगासन खेल चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 से 28 जून 2026 तक उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित होगी।

7
444 views

Comment