logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मानगो-डिमना सोनारी जैसे क्षेत्रों में बिजली संकट गहराया, जनता बेहाल हर 5 मिनट पर कट रही बिजली, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग से लोगों में आक्रोश

मानगो, डिमना और सोनारी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच दिन-रात हो रही ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति से लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि हर 5 मिनट में बिजली आने-जाने से लोगों को चैन की नींद तक नसीब नहीं हो रही।

इस गंभीर समस्या को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु ने DVC और JBVNL की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मानगो की बिजली व्यवस्था पूरी तरह “अंधेर नगरी, चौपट राजा” जैसी हो चुकी है। जनता परेशान है लेकिन जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान निकालने के बजाय केवल औपचारिकता निभाने में लगे हैं।

लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई, दुकानदारों के कारोबार और आम लोगों की दैनिक दिनचर्या पर पड़ रहा है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। रातभर बिजली बाधित रहने के कारण लोगों को जागकर रात बितानी पड़ रही है।

स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लो-वोल्टेज के कारण कई घरों में पानी की मोटर तक नहीं चल पा रही है। लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा, जिससे परेशानी और गंभीर हो गई है।

सौरभ विष्णु ने मांग की है कि DVC और JBVNL संयुक्त रूप से तकनीकी खामियों को दूर करें और जनता को राहत दें। विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय जल्द स्थायी समाधान निकाले, क्योंकि अब मानगो की जनता केवल आश्वासन नहीं बल्कि बेहतर और स्थायी बिजली व्यवस्था चाहती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो स्थानीय जनता के साथ मिलकर मानगो स्थित JBVNL डिवीजन कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

7
157 views

Comment