युवाओं की आवाज़ पर बोरना के डिजिटल सरपंच नवल किशोर सिंह पहुंचे पकरैल ;पंचायत की समस्याओं को लेकर बैठक में विभागों से की त्वरित कार्रवाई की मांग ।
AIMA न्यूज
खगड़िया(बिहार), 23 मई :
पकरैल ग्राम के युवाओं व ग्रामीणों के एक टेलिफ़ोनिक आग्रह पर बोरना पंचायत के ग्राम एक्टिविस्ट एवं डिजिटल सरपंच नवल किशोर सिंह पकरैल पंचायत के उच्च विद्यालय खेल मैदान परिसर पहुंचकर युवाओं व ग्रामीणों के संग बैठक की। बैठक में उपस्थित यशवीर यादव ने पंचायत की विभिन्न जनसमस्याओं से उन्हें अवगत कराया। वहीं अमोद कुमार ने पंचायत में खेल, शिक्षा, पेयजल, सड़क एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की गंभीर स्थिति को सामने रखा।
बैठक में उपस्थित खेल प्रेमी व युवाओं ने बताया कि पंचायत के खेल मैदान में मिट्टी भराई एवं समतलीकरण नहीं होने के कारण हमेशा जलजमाव की समस्या बनी रहती है। मैदान में लाईट की व्यवस्था नहीं होने से शाम के समय खिलाड़ियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है । वहीं कई महीनों से हेंड पंप खराब पड़े रहने के कारण इस भीषण गर्मी में खिलाड़ियों एवं युवाओं को पे जल भी कठिनाई होती है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग के 11000 हाई वोल्टेज तार के नीचे लटकने पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। शिक्षा प्रेमी ग्रामीणों ने बताया कि +2 विद्यालय में लगभग 800 छात्र-छात्राओं के नामांकन के बावजूद मात्र 6 शौचालय होने के कारण छात्र - छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड संख्या-8 में अब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने तथा पीएचईडी विभाग की नल-जल योजना का लाभ नहीं मिलने पर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। वहीं खाँड़ो NH-107 से पकरैल होते हुए कोयला , बसुआ जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों के द्वारा जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की गई।
मौके पर पहुंचे नवल किशोर सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास एवं युवाओं की सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित मयंक कुमार पौद्दार, जसवीर यादव, अमित कुमार, अवनीश कुमार, सुमन सौरभ, गोलू कुमार, बादल कुमार, रवि कुमार, विक्की कुमार, गुलशन कुमार, राजा कुमार, अमोद कुमार, नीरज कुमार, वंशी कुमार सहित अन्य सभी ने इस विकासपूर्ण मुद्दों पर आधारित बोरना के डिजिटल सरपंच नवल किशोर सिंह द्वारा आयोजित सुंदर पहल की सराहना की और क्षेत्र वासीयों के दिलों में विकास संबंधी उम्मीदों की एक आश जगी।