नगर में लगातार बिजली कटौती से जनता में नाराजगी
चांपा: भीषण गर्मी और लू के बीच नगर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो गई है। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। बिजली गुल होने की घटनाएं दिनभर और रातभर कई बार हो रही हैं, जिससे लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते कल शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक बिजली गुल रही, जिसके बाद भी कई बार बिजली का आना-जाना जारी रहा।
नगरवासियों ने बिजली विभाग की लापरवाही और कमजोर व्यवस्था पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने बताया कि विभाग न तो पूर्व सूचना देता है और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई गंभीर प्रयास करता है। शिकायत करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। स्वास्थ्य विभाग लू से बचाव की सलाह दे रहा है, जबकि बिजली विभाग की खराब सेवाओं के कारण बुजुर्ग, बच्चे और मरीज सबसे अधिक प्रभावित हैं। लोग बिजली विभाग की कार्यप्रणाली की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।