भारत-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस और SSB की बड़ी कार्रवाई, 6.56 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी। जनपद खीरी की थाना गौरीफंटा पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने कवच योजना के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.56 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई।
पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पलिया के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गौरीफंटा के नेतृत्व में पुलिस व एसएसबी टीम द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बनगवां गांव से मुख्य मार्ग की ओर जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी दिलशाद कुरैशी पुत्र स्वर्गीय नन्हे कुरैशी निवासी सैंथल थाना हाफिजगंज जनपद बरेली, हाल पता मोहल्ला शिव मंदिर वार्ड नंबर 1 धनगढ़ी जिला कैलाली नेपाल के कब्जे से 6.56 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना गौरीफंटा पर मु0अ0सं0 15/26 धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया है।
कार्रवाई में थाना गौरीफंटा पुलिस टीम के उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह, कांस्टेबल हेमंत कुमार एवं विनीत कुमार शामिल रहे। वहीं एसएसबी की ओर से असिस्टेंट कमांडेंट विवेक कुमार यादव, सहायक उपनिरीक्षक राजीव कुमार, मुख्य आरक्षी प्रमेश कुमार राम, विजय प्रकाश, आरक्षी रेख सिंह गुर्जर एवं महेश प्रधान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।