रात में घर से लापता हुई कविता, सुबह मड़ई के पास मिला शव; पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
मिर्ज़ापुर (पड़री /पहाड़ी ):- दुबेपुर बसारी गांव में 15 वर्षीय किशोरी कविता की निर्मम हत्या ने पूरे पड़री थाना क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार रात हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद रविवार सुबह किशोरी का शव गांव के बाहर मड़ई के पास मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में मातम, भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की मां रीबा देवी (रीता) के अनुसार शनिवार रात पूरा परिवार भोजन करने के बाद घर में सो गया था। देर रात अचानक आंख खुलने पर उन्होंने देखा कि उनकी बेटी कविता अपने बिस्तर पर नहीं है। पहले परिजनों ने सोचा कि वह किसी रिश्तेदार या पड़ोस में होगी, लेकिन काफी देर तक तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात गांव, खेतों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, मगर कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
रविवार सुबह काम पर जा रहे मजदूरों ने गांव के समीप एक मड़ई के पास किशोरी का शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह, एसडीएम सदर महेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सदर मुनेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष पड़री प्रदीप सिंह तथा महिला थानाध्यक्ष ज्ञानूप्रिया सहित कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में देर तक डटी रही। वहीं आईजी आरपी सिंह ने भी घटनास्थल और थाने पहुंचकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली तथा जल्द से जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए।
प्रथम दृष्टया शव पर मिले चोट और गले पर निशानों से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा सके।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में भय और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। हालांकि ग्रामीणों ने घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार निगरानी की सराहना भी की। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है तथा हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।