दो दोस्तों के साथ घाघरा माइंस डैम में नहाने गए युवक की डूबने से मौत
भवनाथपुर: सेल के घाघरा माइंस स्थित डैम में शनिवार दोपहर नहाने गए एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान केतार निवासी स्वर्गीय राजनाथ सिंह के पुत्र राजकरण सिंह के रूप में हुई है। वह घाघरा स्थित अपने मामा प्रमोद सिंह के घर आया हुआ था।
घटना के वक्त राजकरण अपने दो दोस्तों के साथ डैम में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने के कारण वह डूबने लगा। साथ मौजूद युवकों के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम का पानी काफी गहरा है और वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से हमेशा हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से डैम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। थाना प्रभारी के अनुसार, मौत की सही परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।