logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

वहीं करनाल के एक युवक ने ईमानदारी की एक अनोखी मिसाल पेश की है....

पानीपत। समाज में जहां अक्सर लालच और बेईमानी की खबरें सुनने को मिलती हैं, वहीं करनाल के एक युवक ने ईमानदारी की एक अनोखी मिसाल पेश की है पानीपत में नेशनल हाईवे पर मिले विदेशी करेंसी, क्रेडिट/डेबिट कार्ड और जरूरी दस्तावेजों से भरे बैग को युवक ने सुरक्षित उसके असली मालिक तक पहुँचाने का फैसला किया।

​रात को टोल प्लाजा के पास मिला बैग

जानकारी के अनुसार, करनाल की शिव कॉलोनी के रहने वाले परवीन रात करीब 10:30 बजे पानीपत टोल टैक्स पार कर लौट रहे थे, तभी उन्हें सड़क किनारे एक लावारिस बैग पड़ा मिला। परवीन बैग को अपने घर ले आए। रात में जब उन्होंने बैग खोलकर देखा तो वे हैरान रह गए। बैग के अंदर भारी मात्रा में अमेरिकी डॉलर, दुबई की करेंसी (दिरहम), ICICI और HDFC बैंक के कई ATM व क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी और एक बंद मोबाइल फोन मौजूद था।

​आर्थिक तंगी भी नहीं डिगा सकी ईमान

परवीन एक साधारण परिवार से आते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के बावजूद उनका ईमान नहीं डगमगाया। उन्होंने बैग में मिले बंद मोबाइल फोन को तुरंत चालू किया ताकि उसका मालिक संपर्क कर सके। जब रात भर कोई फोन नहीं आया, तो उन्होंने खुद मीडिया के माध्यम से बैग के असली मालिक का पता लगाने का प्रयास किया।

​चंडीगढ़ के गौरव चांदला का है बैग

बैग में मिले ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर कार्ड के अनुसार, यह बैग चंडीगढ़ के सेक्टर-37 निवासी गौरव चांदला का है। दस्तावेजों और विदेशी मुद्रा को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बैग का मालिक दुबई में काम करता है और हाल ही में वहां से लौटा था।

​समाज में हो रही जमकर तारीफ

परवीन ने कहा, "यह किसी और की मेहनत की कमाई है। किसी के जरूरी दस्तावेज खो जाने पर कितनी परेशानी होती है, मैं समझ सकता हूँ। मेरे मन में इसे रखने का विचार कभी नहीं आया।" इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग परवीन की ईमानदारी की जमकर सराहना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे ईमानदार युवाओं को समाज में विशेष रूप से सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

10
755 views

Comment