रवि आजाद के समर्थन में उतरी भारतीय किसान यूनियन अखण्ड क्रान्ति, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
भिवानी, हरियाणा
भिवानी में भारतीय किसान यूनियन अखण्ड क्रान्ति “अराजनीतिक” ने उभरते युवा चेहरे रवि आजाद के समर्थन में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि रवि आजाद को राजनीतिक द्वेष और सामाजिक छवि खराब करने की मंशा से झूठे मुकदमे में फंसाया गया है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष टिन्कू शर्मा ने कहा कि रवि आजाद समाज के बीच सक्रिय रहने वाले युवा हैं और उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर विरोधियों द्वारा षड्यंत्र रचा गया है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
इस दौरान राष्ट्रीय प्रभारी आशीष चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री विश्वदीप काम्बोज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पहल सिंह और राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होगा।
ज्ञापन में प्रशासन से यह मांग भी की गई कि भारतीय किसान यूनियन अखण्ड क्रान्ति “अराजनीतिक” के पदाधिकारियों को रवि आजाद से जेल में मिलने की अनुमति दी जाए, ताकि संगठन उनके हालात की जानकारी ले सके।
संगठन ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए रवि आजाद को न्याय दिलाने की मांग की है।