करताही के पास बोलेरो से 720 बोतल शराब बरामद, चालक फरार
गया जिले के गुरुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप बरामद की है। गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने शनिवार देर रात 11:23 बजे जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम करताही के पास छापेमारी की। इस दौरान एक बोलेरो वाहन पर लदा 30 कार्टून किंगफिशर शराब बरामद किया गया। बरामद शराब में कुल 720 बोतल यानी लगभग 360 लीटर शराब शामिल है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।