मैनपुरी में युवती को कार से टक्कर, मंत्री से न्याय की मांग
मैनपुरी: मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र के नगला भूड़ निवासी विवेक कुमार ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है। विवेक कुमार का आरोप है कि उनकी बहन 13 मई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे दौड़ लगाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान नगला भूड़ से बमरौली जसराना रोड पर पीछे से आई सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके पैर की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।
परिजन बताते हैं कि उपचार के दौरान पता चला कि गाड़ी गांव का ही एक युवक चला रहा था और उसने जानबूझकर युवती को टक्कर मारी। घायल युवती का इलाज पीजीआई सैफई में किया गया है। पीड़ित परिवार ने थाना घिरोर में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस द्वारा प्रार्थना पत्र बदलने की बात कही जा रही है। अब विवेक कुमार ने कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह से मामले में हस्तक्षेप कर एफआईआर दर्ज कराने और न्याय दिलाने की मांग की है।