logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जहाँगीरगंज में भव्य कलश यात्रा के साथ श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्री रामकथा का शुभारंभ, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ वातावरण

जहाँगीरगंज, अंबेडकर नगर। नगर पंचायत जहाँगीरगंज स्थित माँ काली मंदिर प्रांगण में श्री योगेंद्र नाथ त्रिपाठी के संरक्षण एवं श्री शतचंडी महायज्ञ आयोजन समिति, जहाँगीरगंज के तत्वावधान में आयोजित श्री शतचंडी महायज्ञ, श्री रामकथा एवं महाभंडारे का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री तापमान के बावजूद बड़ी संख्या में मातृशक्तियों, कन्याओं, महिलाओं एवं श्रद्धालुजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। माँ काली मंदिर, जहाँगीरगंज से प्रारंभ हुई यह दिव्य कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर प्रांगण पहुँची, जहाँ पूरे मार्ग में जयघोष, भक्ति गीतों एवं धार्मिक उत्साह से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा। विशेष रूप से मातृशक्तियों का समर्पण, धैर्य एवं श्रद्धा इस आयोजन की सबसे प्रेरणादायक झलक रही।
कलश यात्रा के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्री शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ तथा श्रद्धालुओं के लिए श्री रामकथा का दिव्य प्रवचन भी प्रारंभ हो गया है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर आगामी दिनों में महाभंडारे की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद ग्रहण करने का अवसर रहेगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री बाल गोविंद त्रिपाठी (सभासद), श्री मिकी दुबे (सभासद), श्री नरेंद्र देव मिश्रा (सभासद), श्री रमेश गुप्ता (सभासद) एवं महंत दिलीप गिरी जी महाराज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, मातृशक्तियों, सहयोगकर्ताओं एवं युवा सेवादारों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्राम एवं क्षेत्र की आस्था, एकता और सनातन परंपराओं के प्रति समर्पण का भव्य प्रतीक बताया।

0
121 views

Comment