विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
➡️ विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा विद्युत विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग की अधीक्षण यंत्री चंद्ररेखा प्रभाकर एवं समस्त कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री उपस्थित रहे।
बैठक में आरडीएसएस योजना अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि साकार इंजीटेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किए जा रहे फीडर विभक्तिकरण कार्यों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। इस पर कलेक्टर द्वारा संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाने एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधीक्षण यंत्री द्वारा विभाग के वार्षिक वर्क प्लान के अंतर्गत निर्मित किए जा रहे नवीन उपकेंद्रों, अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की स्थापना, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, फीडर इंटरकनेक्शन एवं फेब्रिकेशन कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर महोदय को जिले में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे तकनीकी एवं संरचनात्मक कार्यों से अवगत कराया गया।
समीक्षा के दौरान स्मार्ट मीटर परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर महोदय द्वारा स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली को समझते हुए इनके स्थापना कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर एवं पारदर्शी विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में ट्रांसफार्मर फेल होने की घटनाओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र अतिशीघ्र बदला जाए ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। साथ ही स्टोर में उपलब्ध ट्रांसफार्मरों की संख्या एवं उनकी उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने एवं त्वरित प्रतिस्थापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar