logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पातेपुर में टीकाकरण जागरूकता को लेकर एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित


पातेपुर/वैशाली/ प्रखंड मुख्यालय पातेपुर में पी.सी.आई. गावी परियोजना के तत्वावधान में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय के सभा कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी की अध्यक्षता एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण के आच्छादन को बढ़ाकर राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा निर्धारित 95 प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना तथा प्रखंड क्षेत्र में जीरो डोज वाले बच्चों की संख्या को समाप्त करना था। जीरो डोज उन बच्चों को कहा जाता है जिन्हें एक वर्ष की आयु तक पेंटावेलेंट का एक भी टीका नहीं लगा है। इस अवसर पर समुदाय में टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने और माता-पिता को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
जानकारी दी गई कि प्रखंड क्षेत्र के चयनित दस गांवों में टीकाकरण से वंचित बच्चों की पहचान की गई है। इन बच्चों को स्वास्थ्य कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों और समुदाय के प्रभावशाली लोगों के सहयोग से टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल प्रकाश ने कहा कि टीकाकरण से बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है, इसलिए सभी संबंधित विभागों के समन्वय से अभियान को सफल बनाना जरूरी है।
जिला समन्वयक दीपक कुमार ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार टीकाकरण के माध्यम से प्रतिवर्ष 3.5 से 5 लाख बच्चों की मौत को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 से 2019 तक के आंकड़ों के अनुसार खसरा का टीका लगने से दुनिया भर में होने वाली लगभग 83 प्रतिशत मौतों को रोका गया है।
कार्यशाला में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जीविका के प्रतिनिधि तथा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के एएनएम और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा PCI, WHO, UNICEF, UNDP और JSI के जिला एवं प्रखंड प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

1
465 views

Comment