logo

डेराबस्सी में छापे जा रहे थे नकली नोट, पंचकूला पुलिस ने युवती समेत चार को दबोचा


डेराबस्सी ( मोहाली )। पंचकूला पुलिस ने शनिवार तड़के 4 बजे डेराबस्सी के शक्ति नगर में छापा मारकर नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह में एक युवती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पंचकूला पुलिस ने काफी संख्या में पांच सौ, दो सौ और सौ रुपये के नकली नोटों के अलावा कंप्यूटर और प्रिंटर बरामद किए हैं।

वार्ड नंबर-9 की पार्षद आशा शर्मा के पति भूपेन्द्र शर्मा ने बताया कि शक्ति नगर की गली नंबर-19 में तीन युवकों और एक युवती ने एक दुकान के ऊपर बने दो कमरे कुछ दिन पहले ही किराए पर लिए थे। शनिवार तड़के पंचकूला पुलिस चारों को पकड़कर ले गई। शाम को 4 बजे पुलिस ने भूपिंद्र शर्मा की मौजूदगी में उक्त मकान की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने घर से एक प्रिंटर, कंप्यूटर और पांच सौ, दो सौ और सौ रुपये के भारी संख्या में नकली नोट बरामद किए। पुलिस ने नकली नोट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला पेपर भी बरामद किया है।
पंचकूला पुलिस ने जानकारी दी है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी कई दिनों से पंचकूला में नकली नोट चला रहे थे। इसका सुराग मिलने के बाद पुलिस ने यहां छापा मारा है। गिरफ्तार युवती उत्तराखंड की बताई जा रही है।

डेराबस्सी पुलिस ने बताया कि पंचकूला क्राइम ब्रांच की टीम ने यहां पर दबिश देकर आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों ने नकली नोट से पंचकूला में खरीदारी की थी। इसका पता चलते ही पुलिस यहां पहुंची थी।

63
14673 views