पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, दो दोस्त ही निकले कातिल
लुधियाना । डी.सी.पी क्राइम सचिन गुप्ता ने मीडिया को बताया कि एक मार्च को साहनेवाल क्षेत्र में एक लवारिस लाश मिली थी। उसकी पहचान शंटी पांडे के रूप में हुई, जो बरोटा रोड की गली नंबर 1 का निवासी था।
उन्होंने बताया कि शंटी पांडे का गला दबाने के बाद गला काटकर बड़ी ही बेरहमी से कत्ल किया गया था। कत्ल करने के बाद कातिलों की तरफ से चेहरे पर पत्थर से भी वार किए गए, ताकि मृतक की पहचान ना हो सके।
डी.सी.पी ने बताया कि इस अंधे कत्ल की गुत्थी को 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया गया है, जिसमें शंटी के कातिल उसके दो दोस्त ही निकले। उन्होंने उसका बड़ी बेरहमी से कत्ल किया था। उन्होंने बताया कि तीनों दोस्त दारू व अन्य नशे के आदी थे और नशे को लेकर तीनों की आपस में बहस होने के कारण दो दोस्तों ने बड़ी ही बेरहमी से शंटी पांडे का कत्ल कर दिया।
दोनों दोषियों की पहचान रोशन कुमार और पवन ठाकुर के रूप में हुई है। जो लुधियाना के ही रहने वाले है। डी.सी.पी साहब ने बताया कि उक्त दोनों दोषियों के खिलाफ पहले कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं है।