logo

इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, जानिए अपने शहर के मौसम का हाल

नई दिल्ली: सितंबर के अंतिम दिनों तक आमतौर पर मॉनसून विदा होने लगता है, किन्तु इस बार अभी भी कई प्रदेशों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई में भी निरंतर बारिश जारी है तथा आज, 27 सितंबर को भी बारिश का अलर्ट जारी है। इसके अतिरिक्त, कई अन्य प्रदेशों में भी भारी बारिश की संभावना है। आइए आपको बताते हैं देशभर के मौसम का हाल।

वही बात यदि दिल्ली की करें तो सुबह का मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट देखी जा रही है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वीकेंड तक दिल्ली में मौसम अच्छा रहने की उम्मीद है, फिर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। महाराष्ट्र में बीते 2 दिनों में हुई मूसलाधार बारिश ने मुंबई में जनजीवन को लगभग ठप कर दिया था। सड़कों पर जलभराव एवं निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई में इस महीने के अंत तक इसी प्रकार का मौसम बना रहेगा। फिर बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। स्काईमेट के अनुसार, 27 सितंबर को भी मौसम की गतिविधियां काफी तीव्र रहेंगी एवं मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

स्काईमेट के अनुसार, महाराष्ट्र के उत्तरी तट, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, दक्षिणी गुजरात, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों एवं उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अतिरिक्त, पूर्वोत्तर भारत, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, पंजाब के कुछ हिस्सों, उत्तरी हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, दिल्ली, पश्चिमी गुजरात, केरल एवं लक्षद्वीप में भी हल्की बारिश हो सकती है।

0
1532 views