*स्व. प्रेमसिंह दत्तीगांव स्मृति रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ,*
रोमांचक मुकाबलों में जवासिया इलेवन ने रॉयल किंग को हराया,
खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच और खेल सुविधाएं-पूर्व मंत्री दत्तीगांव,
बदनावर-धार : नगर के शासकीय नंदराम चौपड़ा विद्यालय खेल मैदान पर स्वर्गीय प्रेमसिंह दत्तीगांव की स्मृति में आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक राजवर्धनसिंह दत्तीगांव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। दूधिया रोशनी में शुरू हुई इस प्रतियोगिता को देखने बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी पहुंचे।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव, पूर्व राज्यमंत्री महेंद्रसिंह पीपलीपाड़ा, रनजीत ट्राफी ख़िलाडी अंबालाल रावले,
नप उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह पवार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील मोदी, भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष महेंद्रसिंह सक्तावत, भाजपा नेता मोहनसिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिनेश गिरवाल, पूर्व जिला महामंत्री शिवरामसिंह रघुवंशी, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष हितेंद्रसिंह राजपुरोहित, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अशोक सोनी व धर्मेंद्र शर्मा, मंडलो के अध्यक्ष मनीष गुर्जर, संजय सिंह राठौर, गोविंद रघुवंशी, दिलीपसिंह सोलंकी व संतोष ढोलकिया, भाजपा नेता प्रजेंद भट्ट, अक्षय शर्मा, विवेक पाटीदार, विजयसिंह पंवार, अरुण माथुर, पार्षद भारती राठोड़, जितेंद्र शर्मा, अनिता चौहान, सन्तोष चौहान, दीपक जाधव, सुखराम देवदा, एल्डरमेन कन्हैयालाल गुर्जर, मीतेश शर्मा, भूपेंद्रसिंह मस्ताना, कपिल नाहर आदि अतिथि रूप में मंचासीन थे।
आयोजक समिति के मनीष गुर्जर, संतोष राव, पंकज ठाकुर, विजय गोयल, अखिलेश शर्मा, संदीप पाटीदार एवं चेतन प्रजापत ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. प्रेमसिंह दत्तीगांव के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
मुख्य अतिथि राजवर्धनसिंह दत्तीगांव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उचित मंच और संसाधनों के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में इस आयोजन को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शासकीय नंदराम चौपड़ा विद्यालय खेल मैदान के विकास की योजना तैयार की जा रही है। साथ ही शासकीय महाविद्यालय परिसर में बड़े स्टेडियम का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव, पूर्व राज्यमंत्री महेंद्रसिंह पिपलियापाड़ा एवं नगर मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर सहित अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मंचीय कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने फीता काटकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन मनोज सोलंकी कवि ने किया।
रोमांचक मुकाबलों से हुई प्रतियोगिता की शुरुआत
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला जवासिया इलेवन और बदनावर चौपाटी इलेवन के बीच खेला गया। जवासिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए चौपाटी टीम को 9 ओवर 1 गेंद में 50 रन पर समेट दिया। जवाब में जवासिया इलेवन ने 4 ओवर 1 गेंद में 54 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच के मैन ऑफ द मैच धीरेन्द्रसिंह राठौर रहे।
दूसरा मुकाबला रॉयल किंग बदनावर और कोटेश्वर कोद टीम के बीच हुआ। कोद टीम ने 10 ओवर में 61 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल किंग ने 4 ओवर 4 गेंद में 62 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। इस मैच के मैन ऑफ द मैच नितिन उपाध्याय रहे।
इसके बाद क्वार्टर फाइनल दौरे के लिए रॉयल किंग और जवासिया इलेवन आमने-सामने हुईं। रॉयल किंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 10 विकेट गंवाकर 81 रन बनाए। जवाब में जवासिया इलेवन ने 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 85 रन बनाते हुए रोमांचक जीत हासिल की। मैच की आखिरी गेंद पर एक रन की जरूरत थी, जिसे जवासिया के बल्लेबाज ने चौका लगाकर जीत में बदल दिया। इस मुकाबले के मैन ऑफ द मैच गोविंद रघुवंशी रहे। टूर्नामेंट देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी पहुंच रहे है।